Jharkhand

रांची में छठ महापर्व पर नगर निगम एम्फ़ीबियस एक्सकेवेटर से करवा रहा है तालाबों की सफाई

मशीन की फोटो

रांची, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम की ओर से सभी प्रमुख घाटों की सफाई कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। घाटों की गहराई बढ़ाने, जलकुंभी और जल-जनित कचरे को हटाने के लिए एम्फ़ीबियस एक्सकेवेटर (पोकलेन) मशीन की सहायता से लगातार सफाई की जा रही है।

राजधानी रांची के कांके डैम, हटिया, बड़ा तालाब, धुर्वा सहित अन्य छठ तालाबों और घाटों में बुधवार को भी निगम कर्मियों की ओर से सफाई की गई। निगम प्रशासक सुशांत गौरव के निर्देश पर निगम के अभियंता दल और सफाईकर्मियों की टीम घाटों की निरंतर निगरानी कर रही है, जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।एम्फ़ीबियस एक्सकेवेटर की विशेषता यह है कि यह मशीन पानी और जमीन दोनों पर कार्य कर सकती है। मशीन के जरिए तालाबों से गाद निकालने, जलकुंभी हटाने और घाटों की सफाई तेज़ी और कुशलता से की जा रही है। कांके डैम में भी इस मशीन से सफाई कार्य निरंतर जारी है।

अधिकारियों की ओर से बताया गया कि निगम का लक्ष्य सभी घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर रूप में तैयार करने का है, जिससे कि श्रद्धालु शांतिपूर्वक स्नान और अर्घ्य अर्पण कर सकें। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से घाटों पर प्लास्टिक या पर्यावरण के प्रतिकूल पूजन सामग्री का उपयोग नहीं करने और स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की है।—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top