Uttar Pradesh

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिलाधिकारी ने बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम में की पूजा-अर्चना

महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित करते जिलाधिकारी व अन्य का छायाचित्र

कानपुर, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम पहुँचे, यहां उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। साथ ही आश्रम परिसर में आयोजित अखण्ड रामायण पाठ में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर लवकुश आश्रम के गुरुकुल में शिक्षा प्राप्त कर रहे बालकों द्वारा महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित ‘रामायण’ का भावपूर्ण पाठ किया गया। जिलाधिकारी ने बालकों के अनुशासन, वाचन-कौशल एवं धार्मिक ज्ञान की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी न केवल आदिकवि के रूप में विख्यात हैं, बल्कि उन्होंने अपने अमर ग्रंथ रामायण के माध्यम से समाज को आदर्श जीवन, सत्य, धर्म और मर्यादा का संदेश दिया है। उनके जीवन और उपदेश आज भी जनमानस के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस दौरान तहसीलदार सदर, जिला पर्यटन अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी बिठूर तथा संबंधित अधिकारीगण, आश्रम के महंतगण, गुरुकुल के विद्यार्थी एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top