

भोपाल, 21 जून (Udaipur Kiran) । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज (शनिवार काे) सामूहिक याेग कार्यक्रम का आयाेजन किया जा रहा है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत प्रदेश भर में आयोजन किए गए हैं। राजधानी भाेपाल में राज्यस्तरीय कार्यक्रम “अटल पथ” पर आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम “एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग” है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आयुष सहित विभिन्न विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2025 का राज्य स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम सुबह छह बजे भोपाल के टीटी नगर स्थित अटल पथ पर आयोजित हुआ। एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम पर यह वृहद आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ योग किया। उनके साथ शहर के अलग-अलग स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी याेग किया। कई जगह पर थीम बेस्ड योग कार्यक्रम हो रहे हैं। जगह-जगह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का प्रसारण भी किया जा रहा है। खास यह है कि भोपाल में इस बार कुष्ठ रोगी भी योग कार्यक्रम में शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग के माध्यम से मन साफ होता है, संतोष होता है और हम अहिंसा की ओर बढ़ते हैं।
इंदाैर में राजवाड़ा पर आयाेजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने याेग किया। योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान भाई-बहनों, लखपति दीदियों और कृषि वैज्ञानिकों के साथ दिल्ली स्थित आईसीएआर पूसा में योग किया। छतरपुर जिले के खजुराहो में पश्चिमी मंदिर समूह के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक अरविंद पटेरिया सहित 1600 लोग योगासन कर रहे हैं। इनमें बच्चों के साथ महिलाएं-बुजुर्ग भी शामिल हैं। कलेक्टर, एसपी समेत अन्य अफसरों ने भी योग किया। इंदौर के महू में अंबेडकर स्मारक पर अनुसूचित जाति प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव और महू विधायक उषा ठाकुर ने योग किया।
निवाड़ी के ओरछा में बेतवा नदी के कंचना घाट पर योग दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी राय सिंह नरवरिया, विधायक अनिल जैन, जिलापंचायत CEO रोहन सक्सेना, नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल राजपूत मौजूद हैं। स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम का हिस्सा बने हैं। सतना में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी कार्यक्रम में मौजूद रही। रात में बारिश होने के कारण शासकीय व्यंकट स्कूल के ग्राउंड में होने वाला कार्यक्रम हॉल में आयोजित किया जा रहा है। नियमित योग के महत्व को समझाते हुए मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि योग करने से मन शांत रहता है। जिससे सारा दिन शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है।
ग्वालियर में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग पर राजा मानसिंह महल के पास होगा। जिले के सामूहिक योग कार्यक्रम में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। ग्वालियर में इसके अलावा सभी नगरीय निकायों, पंचायत मुख्यालयों व ग्रामीण में भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम हो रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
