

नई दिल्ली/पटना, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । ब्रिटिश लिंगुआ ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति की गूंज से भरे एक आयोजन में राष्ट्रीय नागरिक जागरण अभियान “स्पीक अप फॉर इंडिया, राइज फॉर इंडिया” की शुरुआत की। इस अनूठी पहल की शुरुआत संस्था के संस्थापक एवं प्रख्यात अंग्रेजी लेखक और साहित्यकार डॉ. बीरबल झा के नेतृत्व में की गई।
डॉ. बीरबल झा ने शुक्रवार को बताया कि संस्था के बोरींग रोड स्थित मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को सुबह की हवा में शान से लहराया गया। डॉ. झा ने बताया कि ध्वजारोहण के बाद वातावरण में उत्साह, गर्व और एक नई राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की ऊर्जा महसूस की जा सकती थी।
विकसित भारत @ 2047 के विजन के अनुरूप “स्पीक अप एंड राइज़ फॉर इंडिया” विषय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. झा ने कहा कि “भारत के लिए बोलना मात्र एक नारा नहीं बल्कि यह एक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ये संकल्प भी है कि हम साहस और विश्वास के साथ उसकी नियति को आकार देंगे।
डॉ. झा ने अपने संबोधन में कहा कि मौन नागरिकता राष्ट्र को कमजोर करती है, जबकि मुखर और दूरदर्शी जनता उसे ऊंचाइयों पर ले जाती है। आइए, हम भारत के लिए बोलें और साथ मिलकर आगे बढ़ें।” उन्होंने नागरिकों विशेषकर युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि 2047 ‘स्वतंत्रता की शताब्दी’ वर्षगाठ तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमें निष्क्रिय देशभक्ति से आगे बढ़कर सक्रिय नागरिक भागीदारी अपनानी होगी।
डॉ. झा ने “स्पीक अप फॉर इंडिया, राइज़ फॉर इंडिया” सामाजिक अभियान का शुभारंभ किया, जिसमें दर्जनों युवा परिवर्तनकर्ताओं ने जोश के साथ भाग लिया। इस अवसर का मुख्य आकर्षण था “बोलो दिल से, भारत के लिए” मार्च, जो ब्रिटिश लिंगुआ से शुरू होकर बोरींग रोड क्रॉसिंग तक पहुंचा। इस जागरूकता रैली ने राहगीरों का ध्यान खींचा और सक्रिय नागरिकता की ताकत पर चर्चाएं शुरू कर दीं।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. झा ने कहा, “हर नागरिक की आवाज़ मायने रखती है। यदि हम आज भारत के लिए बोलेंगे, तो हम कल एक मजबूत और जीवंत भारत के लिए साथ उठ खड़े होंगे।”
—————
(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर
