HEADLINES

स्वतंत्रता दिवस पर भगवंत मान का ऐलान, पंजाब में अब एक किलो हेरोइन पकड़ने पर मिलेगा 1.20 लाख रुपये का इनाम

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान फरीदकाेट में परेड की सलामी लेते हुए

-स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का ऐलान, पंजाब में होगी 1600 पुलिस कर्मियों की भर्ती

चंडीगढ़, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नशे के खिलाफ लड़ाई तेज करने का ऐलान करते हुए कहा कि नशा के खिलाफ लड़ाई के तहत हम नई रिवॉर्ड पॉलिसी लागू कर रहे हैं। अब 01 किलोग्राम हेरोइन पकड़ने वाले पुलिस कर्मी को 1.20 लाख रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। अब एनडीपीएस मामलों की जांच हेड कॉन्स्टेबल को सौंपी जा रही है। 1,600 नए पुलिस कर्मियाें की भर्ती की जा रही है। हालांकि, पहले इन पदों पर तैनात मुलाजिमों को प्रमोशन दिया जाएगा।

पंजाब सरकार का स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम फरीदकोट में हुआ। यहां मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और भाषण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी में 80 प्रतिशत कुर्बानियां पंजाब ने दी हैं। यहां लाशों से भरी रेलगाड़ियां पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि यह आज़ादी हमें बहुत महंगी पड़ी है। अब भाईचारा बनाए रखने के लिए मैं अंतिम सांस तक मेहनत करूंगा। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों और कारगिल युद्ध के हीरोज को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में राजस्थान आर्म्ड पुलिस फोर्स की टुकड़ी भी शामिल हुई। उन्हाेंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 26 हस्तियों और पुलिस मुलाजिमों को सम्मानित किया।

पंजाब नंबर वन होगा, तभी देश नंबर वन बनेगा-

मुख्यमंत्रीने कहा कि पंजाब को नंबर वन बनाए बिना देश नंबर वन नहीं बन सकता। हर कुर्बानी के लिए पंजाबी तैयार हैं, चाहें अनाज पैदा करना हो, बॉर्डर पर मोर्चा संभालना हो या खेलों में आगे बढऩा हो। पंजाब की चमक फीकी नहीं पडऩे देनी है। सभी को इसकी तरक्की के लिए मिलकर काम करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा तस्करी से जुड़े एनडीपीएस मामलों में अब नई रिवॉर्ड पॉलिसी लागू की जा रही है। इसके तहत एक किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन पकडऩे वाले पुलिस कर्मियों को 1.20 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इनकी जांच अब हेड कॉन्स्टेबल को सौंपी जा रही है, जो पहले एएसआई के पास होती थी। उन्हाेंने कहा कि पुलिस महकमे में 1600 नई पोस्ट भरी जाएंगी। इनमें 150 इंस्पेक्टर, 450 सब-इंस्पेक्टर और 1000 कॉन्स्टेबल के पद प्रमोशन से भरे जाएंगे। इसके बाद नई भर्ती की जाएगी। उन्हाेंने कहा कि 3,068 स्कूलों में युद्ध स्तर पर नशों के विरुद्ध सिलेबस शुरू किया गया है। आठ लाख युवाओं को यह सिलेबस पढ़ाया जाएगा। इसमें नशे से कैसे बचना है, इस बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी। हम चाहते हैं कि जो लोग नशे में लगे हैं, उन्हें सुधारा जाए और नई पीढ़ी को नशे से बचाया जाए।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top