
– 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक चलेगा अभियान
लखनऊ, 12 सितम्बर (Udaipur Kiran) । सेवा पखवाड़ा के अवसर पर समाज कल्याण विभाग एक विशेष पहल करने जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक ‘मिशन कर्मयोगी पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। इस अवधि में विभाग, निगम और आयोग के सभी अधिकारी, नियमित/ संविदा कर्मियों एवं शिक्षक iGOT Karmayogi portal https://www.igotkarmayogi.gov.in/ पर पंजीकरण कर विभिन्न ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करेंगे।
सभी कार्मिकों को न्यूनतम तीन प्रशिक्षण कोर्स पूरा करना अनिवार्य होगा। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 14 सितम्बर निर्धारित की गई है। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों के सतत कौशल विकास को बढ़ावा देना, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना और नई तकनीकों के प्रति अधिक दक्ष बनाना है।
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में योगा ब्रेक एट वर्कप्लेस के जरिए तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण बनाने, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013 (पॉस एक्ट) के जरिए महिला सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने, Procurement Process on GeM for Products ls से पारदर्शी क्रय प्रक्रिया सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर जानकारी देने, बेसिक आफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से नई तकनीक की समझ बढ़ाने और राइट टू इनफार्मेशन (आरटीआई) अधिनियम के जरिए पारदर्शिता को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा
समाज कल्याण विभाग के निदेशक कुमार प्रशांत ने शुक्रवार को बताया कि मिशन कर्मयोगी पखवाड़ा राज्यमंत्री असीम अरुण की अनूठी पहल है। इसका उद्देश्य सरकारी कार्मिकों को नई कार्य संस्कृति और तकनीकी दक्षता से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अधिकतम कोर्स पूर्ण करने वाले कार्मिकों को दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि, मिशन कर्मयोगी भारत सरकार का राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता निर्माण कार्यक्रम है। अभी तक प्रदेश के 2728 कर्मचारियों ने पोर्टल पर पंजीकरण कर 1635 कोर्सों में नामांकन किया है और 854 ने कोर्स पूरे किए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / दीपक
