
शिवपुरी, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी में पिपरसमां पर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं कर्मचारी पक्षपात नीतियों के कारण मंगलवार को कलम बंद हड़ताल पर रहे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन किया और अपनी मांगे मानने की मांग सरकार से की है।
देश के लगभग 700 कृषि विज्ञान केन्द्रों के अधिकारी, कर्मचारियों ने, आई.सी.ए.आर. द्वारा किए जा रहे पक्षपातपूर्ण नीतियों के कारण कलम बंद हड़ताल एवं प्रदर्शन किया। जिसमें कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी के स्टॉफ द्वारा भी विरोध प्रदर्शन कर कलमबंद हड़ताल की गई।
आईसीएसआर द्वारा गैर आईसीएआर संचालित कृषि विज्ञान केन्द्रों के अधिकारी, कर्मचारियों हेतु समान कार्य असमान वेतन, पदोन्नति में भेदभाव, समयमान वेतनमान में कटौती, पेंशन अंशदान, चिकित्सा भत्ता, अवकाश नगदीकरण एवं मृत्यु सह सेवानिवृत्ति उपादान बंद करने संबंधी नवीन नीतियां लागू करने के कारण, देश भर के अधिकारी, कर्मचारियों में रोष एवं असंतोष व्याप्त हो गया है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाली विकसित कृषि संकल्प अभियान जो 3 से 18 अक्टूबर 2025 तक प्रस्तावित है, का सर्वसम्मति से बहिष्कार किया जा रहा है। यह बहिष्कार राष्ट्रविरोधी नहीं, अपितु नैसर्गिक न्याय की पुकार है। सभी ने सक्षम अधिकारियों से वन नेशन, वन केव्हीके, वन पॉलिसी लागू करने का आग्रह किया है।
(Udaipur Kiran) / रंजीत गुप्ता
