
बांदा, 26 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर 2025 को जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन सहित सभी थानों में संविधान के आदर्शों का पालन करने और राष्ट्र की एकता व अखण्डता बनाए रखने की शपथ पुलिसकर्मियों को दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने पुलिस कार्यालय में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टॉक ने पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों को मौलिक कर्तव्यों और संविधान में निहित आदर्शों का स्मरण कराते हुए शपथ दिलाई। इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों द्वारा थानों में सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता और संविधान का सम्मान करने का संकल्प दिलाया गया।
वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 125वीं जयंती पर संविधान दिवस घोषित किए जाने के बाद से हर वर्ष 26 नवम्बर को यह दिवस मनाया जाता है। संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
इसी उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो, बांदा द्वारा शहर स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन नगर पालिका चेयरमैन मालती बासू ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं से संविधान का अध्ययन करने और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता के लिए संविधान का पालन अनिवार्य है तथा भावी पीढ़ी को इसके अनुरूप आचरण करना चाहिए।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. पीयूष मिश्रा ने कहा कि आज विश्व में भारत की छवि मजबूत हुई है और देश की प्रगति संवैधानिक मूल्यों की देन है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान सभी धर्मों, जातियों और वर्गों के विकास का मार्ग प्रशस्त करता है, जिससे वंचित वर्ग भी मुख्यधारा में आ रहे हैं।
अध्यापिका सीमा पांडे ने विभिन्न अनुच्छेदों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संविधान सभी वर्गों के प्रति समानता और उदारता का भाव रखता है, जबकि प्रधानाचार्या पूनम गुप्ता ने संविधान को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में सभी उपस्थितों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा छात्राओं ने वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया। मंत्रालय द्वारा मनोहर प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाली 20 छात्राओं — सोना, रागिनी, कशिश, विनीता, सरिता देवी, नैन्सी, सीमा, राखी, निधि तिवारी, राधिका, पारुल सेन, लक्ष्मी श्रीवास, खुशी पाल, आयुषी तिवारी, वैष्णवी गुप्ता, अंजली देवी, ऐश्वर्या गुप्ता, अंशिका सेन और मोहिता को पुरस्कृत किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह