HimachalPradesh

आपदा राहत पैकेज के नाम पर घोषित 1500 करोड़ में से अभी एक पाई भी नहीं मिली : केवल पठानिया

पत्रकार वार्ता में दौरान उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया।

धर्मशाला, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि केंद्र ने प्रदेश को 1500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है लेकिन राज्य सरकार को अभी तक एक पाई भी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की टीमों ने प्रदेश का दौरा कर नुकसान का मूल्यांकन किया है लेकिन राहत के तौर पर अभी तक कोई मदद नहीं मिली है।

शुक्रवार को धर्मशाला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस मानसून सीजन के दौरान राज्य को 5 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि 2023 में भी आपदा के लिए केंद्र से पर्याप्त राशि नहीं मिली जबकि प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 500 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को करोड़ों रुपये की आर्थिक मदद जारी की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 जून से 19 सिंतबर, 2025 तक 427 लोगों ने जान गंवाई है। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हमारी सरकार लोगों को पारदर्शी शासन प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर नौकरियों को बेचा जा रहा था। इसे रोकने के लिए वर्तमान सरकार ने हिमाचल प्रदेश सबोर्डिनेट सर्विसिज सलेक्शन बोर्ड को भंगकर राज्य सरकार ने राज्य चयन आयोग की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मैरिट आधारित चयन को बढ़ावा देने के लिए एक और महत्त्वपूर्ण कदम उठाया है।

उन्होंने कहा कि पिछले अढाई वर्षों के दौरान सरकारी क्षेत्र में 23,191 युवाओं को नौकरियां दी गई हैं।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top