Madhya Pradesh

देवास के मल्टी में मिली मजदूर की लाश,  घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना

देवास के मल्टी में मिली मजदूर की लाश

देवास, 3 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के देवास जिले में चाणक्यपुरी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की मल्टी में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला है। बताया जा रहा है कि वह तीन दिन से दिखाई नहीं दे रहा था। घर से बदबू आने पर रहवासियों को शक हुआ। जब उसके घर का दरवाजा खोला गया तो वह मृत अवस्था मिला। लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

जानकारी अनुसार यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। रविवार को चाणक्यपुरी मल्टी में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेश नामक व्यक्ति के रूप में हुई, जो पेशे से मजदूर था और अकेले रहता था। इलाके के रहवासियों के अनुसार, सुरेश पिछले तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहा था। जब उसके घर से बदबू आने लगी तो लोगों को शंका हुई। दरवाजा खोला तो चटाई पर खून से लथपथ शव मिला। दरवाजे के पास एक सिगड़ी भी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश करीब तीन सालों से घर पर अकेला रहता था। वहीं उसकी मां और छोटा भाई सामने वाले घर पर रहते थे। बीते तीन दिनों से वह दिखाई नहीं दे रहा था। सुरेश की हत्या हुई है या आत्महत्या है, इसका कारण फिलहाल अज्ञात है। सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top