WORLD

मेक्सिको में भारी बारिश में लगभग 28 लोगों की मौत, बाढ़ और भूस्खलन ने मचाई तबाही

मेक्सिकाे में बाढ

मेक्सिको सिटी, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तरी अमेरिकी देश मेक्सिको के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं जिससे बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं के कारण जानमाल के भारी नुकसान की खबर है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वेराक्रूज, पुएब्ला और इडाल्गो जैसे राज्यों में सबसे अधिक तबाही हुई है।

राष्ट्रीय आपदा रोकथाम प्रणाली (सिनाप्रेड) के अनुसार, बारिश के कारण नदियों में आई बाढ़ से हजारों घर जलमग्न हो गए हैं। वेराक्रूज के पोजा रिका शहर में काजोनेस नदी की बाढ़ में पूरा शहर डूब गया। शहर में स्कूल, अस्पताल और सड़कें सभी जलमग्न हैंं।

पुएब्ला में भूस्खलन से एक गांव बुरी तरह से प्रभावित हुआ, जहां दो महिलाओं समेत पांच लोग मलबे में दब गए। अधिकारियाें के मुताबिक देशभर में बाढ़ जनित घटनाओं में कुल 28 लाेगाें की मृत्यु हुई, जिनमें ज्यादातर बाढ़ में बहने या भूस्खलन का शिकार हुए।

इस बीच राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने आपातकाल घोषित कर सेना को तैनाती का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता प्रभावित लोगों की जान बचाना और पुनर्वास है।” सैनिकों ने हेलीकॉप्टरों से बचाव कार्य और राहत सामग्री का वितरण शुरू किया है। पांच सौ से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहाें पर पहुंचाया गया है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां भी सहायता भेज रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दाैरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

————

(Udaipur Kiran) / नवनी करवाल

Most Popular

To Top