

अररिया, 20 सितम्बर (Udaipur Kiran) ।
अररिया यादव कॉलेज मैदान में शनिवार को राजग कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।कार्यकर्ता सम्मेलन में एनडीए के जीत का मंत्र कार्यकर्ताओं को नेताओं ने दिया।
सम्मेलन में शामिल अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सबका लक्ष्य स्पष्ट है कि 2025 में फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बने। कार्यकर्ता एकजुट होकर जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और नीतीश कुमार के सुशासन के बल पर बिहार में विकास का नया अध्याय लिखना है।वहीं कार्यक्रम में उपस्थित झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने कहा कि एनडीए की मजबूती जनता के विश्वास पर टिकी है। सीमांचल और मिथिलांचल क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का उत्साह हमारी विजय का आधार है।
वाल्मीकि नगर से सांसद सुनील कुमार कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया और कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व और केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं ने बिहार को गति दी है। इस संदेश को हर गांव तक पहुँचाना है। पूर्णिया विधायक विजय कुमार खेमका ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की असली ताकत है। आप सबके परिश्रम से 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी।
सम्मेलन में एनडीए घटक दलों के जिलाध्यक्ष, प्रमुख नेता एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में 2025 के चुनाव में एनडीए की पुनः सरकार बनाने का संकल्प लिया।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर
