-शरद पवार ने किया उद्धव-राज ठाकरे का समर्थन
मुंबई, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुंबई नगर निगम के आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अकेला छोडऩे की रणनीति सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एसपी(राकांपा एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में शिवसेना यूबीटी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ मिलकर चुनाव में जाने का निर्णय लिया है। शरद पवार ने कांग्रेस पार्टी को भी आज शिवसेना यूबीटी और मनसे के साथ जाने की सलाह दी है।
हालांकि मुंबई कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि उन्होंने अपना पक्ष पहले ही साफ कर दिया है। मुंबई नगर निगम के चुनाव में उनकी पार्टी किसी भी कीमत पर मारपीट करने वालों, कानून को हाथ में लेने वालों के साथ समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शिवसेना यूबीटी के साथ उनकी पार्टी का मुद्दों पर आधारित गठबंधन है, लेकिन अगर शिवसेना यूबीटी मनसे के साथ समझौता करेगी तो यह उनकी पार्टी को मान्य नहीं होगा।
इससे पहले आज ही कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को पराजित करने के लिए मनसे को साथ ले सकती है। इस
पर वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि वे मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष हैं और सिर्फ मुंबई की बात कर रही हैं। मुंबई छोडक़र पूरे महाराष्ट्र के बारे में महाराष्ट्र के नेता निर्णय लेंगे। वर्षा गायकवाड़ ने राकांपा सहित अन्य समविचारी पक्षों के साथ गठबंधन करने की भी घोषणा की।
इसी दौरान राकांपा एसपी की कार्यकारिणी की बैठक आज मुंबई में आयोजित की गई थी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में शरद पवार की पार्टी के पदाधिकारियों ने शिवसेना यूबीटी और मनसे के साथ मुंबई नगर निगम के चुनाव में उतरने का प्रस्ताव एक मत से पास किया है। हालांकि शरद पवार ने कहा है कि वे मुंबई में महाविकास आघाड़ी को एक साथ चुनाव लडऩे के लिए वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं से चर्चा करेंगे।
शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने आज कहा कि उनकी पार्टी का समझौता मनसे के साथ हो चुका है। रही बात कांग्रेस की तो इस बाबत केंद्रीय स्तर पर बात की जाएगी। राऊत ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के कहने पर कांग्रेस मनसे के साथ चुनाव लडऩे को तैयार हो जाएगी।शरद
पवार और अन्य गैर भाजपा दल शिवसेना और मनसे को साथ मिलकर आगामी चुनाव लडऩे को तैयार हैं।
मनसे महासचिव और प्रवक्ता संदीप देशपांडे ने कहा कि उनकी पार्टी ने अभी तक किसी के साथ चुनाव लडऩे का प्रस्ताव नहीं दिया है। उन्होंने कहा
कि कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र के नेता निर्णय लेने में सक्षम नहीं हैं। जब इस संदर्भ में निर्णय लेने वाले निर्णय लेंगे, तब उनके नेता राज ठाकरे अपना निर्णय घोषित करेंगे। हालांकि इन सभी बयानबाजियों के बाद भी वर्षा गायकवाड़ मुंबई में मनसे को साथ लेने को तैयार नहीं हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी को अकेले पडऩे की संभावना व्यक्त की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव