Bihar

‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ थीम के साथ अररिया में शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह

'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' थीम के साथ अररिया में शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह
'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' थीम के साथ अररिया में शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह

फारबिसगंज/अररिया, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) ।समेकित बाल विकास सेवाएँ (ICDS) अररिया के तत्वावधान में आज आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष का थीम ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ रखा गया है, जिसका लक्ष्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाकर पूरे समाज को सशक्त बनाना है। यह अभियान 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें जिले के सभी आँगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।

भव्य रैली के साथ अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत समाहरणालय परिसर से एक विशाल पोषण रैली के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में आँगनबाड़ी सेविका, सहायिका और महिला पर्यवेक्षिका शामिल हुईं। इन सभी ने ‘पोषण का महत्व, जन-जन तक’ का संदेश देते हुए जागरूकता फैलाई।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) श्रीमती कविता कुमारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में कुपोषण को दूर करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब महिलाएँ स्वस्थ होंगी, तभी परिवार और समाज सशक्त होगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का पोषण माह महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देगा और आँगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

स्थानीय संसाधनों पर जोर

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रेणु कुमारी ने बताया कि यह एक महीने का अभियान ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध स्थानीय संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देगा।

उन्होंने कहा, हम ग्रामीण महिलाओं को सहजन की पत्ती, पालक, नोनी का साग जैसी हरी सब्जियों के नियमित सेवन के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, धात्री माताओं को पोषण के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत, आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यशालाएँ, जागरूकता कार्यक्रम और खान-पान से जुड़ी गतिविधियाँ होंगी, ताकि ग्रामीण महिलाओं को यह सिखाया जा सके कि वे स्थानीय संसाधनों का उपयोग करके अपने और अपने परिवार के लिए पौष्टिक भोजन कैसे तैयार कर सकती हैं।

जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

इस मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा और उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पोषण स्टॉल का निरीक्षण किया और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ के थीम पर जोर देते हुए लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

—————

(Udaipur Kiran) / Prince Kumar

Most Popular

To Top