
हिसार, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डा. बीआर अम्बेडकर पुस्तकालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में भारत के महान पुस्तकालय विज्ञानी डॉ. एसआर रंगनाथन की जयंती पर नेशनल लाइब्रेरियन डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि वर्ष 2023 में विश्वविद्यालय में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की स्थापना के बाद यह पहला अवसर था, जब इस दिवस को औपचारिक रूप से मनाया गया। यह विभाग निरंतर प्रगति कर रहा है और इस पेशे में नए मानक स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस दिवस पर सभी पुस्तकालय पेशेवरों को शुभकामनाएं दी।विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार ने गुरुवार काे डॉ. रंगनाथन के जीवन, सिद्धांतों और योगदान पर अपने बहुमूल्य विचार व्यक्त किए। उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र चौहान ने भारत में पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. रंगनाथन के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला। उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. एसएस जोशी ने भी सभी पुस्तकालय कर्मियों को नेशनल लाइब्रेरियन डे की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष सोमदत्त, पुस्तकालय स्टाफ और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि डॉ. रंगनाथन के सिद्धांतों को आगे बढ़ाकर पुस्तकालय सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं समकालीन बनाया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
