Haryana

नारनौल: हकेंवि छात्र सुनील बना एनएसयूआई का स्टेट जनरल सेक्रेटरी

नारनौल, 18 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ (हकेंवि) में राजनीतिक विज्ञान से मास्टर डिग्री कर रहे सुनील कमानिया को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया का हरियाणा स्टेट जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव ने उनको सौंपी है।

सुनील कमानिया ने बुधवार को बताया कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीतिक विज्ञान में स्नातक हैं और वर्तमान में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ से राजनीतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर कर रहे हैं। वर्तमान में वह केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के इंचार्ज का पदभार भी संभाल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में भी नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के संगठन को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह छात्रों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि वे संगठन के कार्यों को संचालित करने के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा करने के साथ छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कहा कि छात्रों का हित उनकी प्रमुख जिम्मेवारी रहेगी। उन्होंने हरियाणा स्टेट जनरल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी मिलने पर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Most Popular

To Top