चंडीगढ़, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अस्पताल में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री सैनी ने करीब 20 मिनट तक पंजाब सीएम के साथ समय बिताया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ से उत्पन्न हालात बेहद गंभीर हैं और इस कठिन समय में हरियाणा सरकार व हरियाणा वासी पूरी तरह पंजाब के साथ खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हरियाणा सरकार हर संभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दोनों राज्यों को मिलकर काम करना चाहिए ताकि जनता को राहत मिल सके।
सीएम सैनी ने पंजाब के हालातों की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि दोनों राज्यों की भौगोलिक और सामाजिक साझेदारी ऐसी है कि संकट की घड़ी में मिलकर कदम उठाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने पंजाब सरकार को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शीघ्र स्वस्थ होने की भी शुभकामनाएं दीं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
