West Bengal

खड़गपुर में धूमधाम से मनाई गई नागपंचमी, तेलुगु समुदाय ने परंपरागत रीति से की पूजा-अर्चना

खड़गपुर उत्सव
नागपंचमी उत्सव खड़गपुर
नागपंचमी उत्सव

खड़गपुर, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । खड़गपुर में आज पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ नागपंचमी पर्व मनाया गया। विशेष रूप से शहर के तेलुगु समुदाय के लोगों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ नागदेवता की पूजा-अर्चना कर इस पौराणिक पर्व को धूमधाम से मनाया।

शहर के न्यू सेटलमेंट स्थित टीबी अस्पताल परिसर, निमपुरा, रेलवेसाइड क्वार्टर एरिया और इंदा इलाकों में तेलुगु समाज के परिवारों ने सामूहिक पूजा का आयोजन किया। पूजा पंडालों को फूलों, आम के पत्तों और रंगोली से सजाया गया था। महिलाओं ने पारंपरिक तेलुगु परिधान में नागदेवता की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और सर्पदंश से रक्षा की प्रार्थना की।

पौराणिक कथाओं के अनुसार, नागपंचमी भगवान शिव से जुड़ा पर्व है। कहा जाता है कि इस दिन नागदेवता की पूजा करने से घर में शांति और समृद्धि आती है। महाभारत में भी इस पर्व का उल्लेख मिलता है— जनमेजय द्वारा किए गए सर्पयज्ञ को रोकने के लिए अस्तिक मुनि ने नागों की स्तुति की थी। तभी से नागपंचमी पर नागदेवता की पूजा की परंपरा शुरू हुई।

खड़गपुर में तेलुगु समुदाय की जनसंख्या काफी अधिक है, और इस समुदाय में नागपंचमी को विशेष धार्मिक आस्था से जोड़ा जाता है। महिलाएं इस दिन “नागुला चविती” नाम से व्रत रखती हैं और मिट्टी से नागदेवता का रूप बनाकर पूजा करती हैं। पूजा के बाद दूध और हल्दी-चावल का अर्पण किया जाता है।

पूजा के दौरान बच्चों ने पारंपरिक गीत गाए और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी हुआ।

एक स्थानीय तेलुगु निवासी ने बताया कि खड़गपुर में हर साल नागपंचमी तेलुगु समाज के लिए एक बड़ा पारिवारिक पर्व होता है। हम इसे प्रकृति और जीवों के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में मनाते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Most Popular

To Top