Uttar Pradesh

एक दिसम्बर को पीयू में मनाया जाएगा नागालैंड स्थापना दिवस

नागालैंड दिवस की पूर्व संध्या पर विश्वविद्यालय में सजी रंगोली

जौनपुर, 30 नवम्बर (Udaipur Kiran) । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राजभवन के दिशा-निर्देश पर एक दिसम्बर को नागालैंड स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नागालैंड की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से नागालैंड की संस्कृति को दर्शाया। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने समिति के संयोजकों के साथ तैयारियों की समीक्षा भी की।

सोमवार को नागालैंड दिवस के अवसर पर सामान्य ज्ञान और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, नागालैंड पर आधारित रंगोली, प्रदर्शनी, मॉडल और पोस्टर प्रस्तुति के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतियोगिताओं के बाद, विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नागालैंड पर एक वृत्तचित्र भी दिखाया जाएगा।

संयोजक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को नागालैंड की संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नागालैंड की सामाजिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक विशिष्टताओं से अवगत कराया जाएगा। जिससे वे विभिन्न राज्यों की परम्पराओं और पहचान को समझ सकें। विद्यार्थियों के लिए एक सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। रंगोली कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अन्नू त्यागी ने किया।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव