West Bengal

ससुराल में गर्भवती महिला की रहस्यमय मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

अरबीना

दक्षिण 24 परगना, 22 जून (Udaipur Kiran) । जिले के जयनगर थाना इलाके में रविवार सुबह एक गर्भवती महिला का शव उसके घर के अंदर मिला। मृत महिला की पहचान अरबीना खातून के रूप में हुई है। अरबीना के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उसका पति और ससुराल वाले उसे काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि अरबीना की गला दबाकर हत्या की गई है। घटना के बाद से अरबीना का पति और ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खकुरदह ग्राम पंचायत के जंगलिया इलाके की निवासी अरबीना खातून की शादी डेढ़ साल पहले जयनगर थाना अंतर्गत दक्षिण बारासात ग्राम पंचायत के नुरूलापुर इलाके के निवासी अजीम सरदार के साथ हुई थी। अरबीना के मायके के लोगों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अजीम और उसके परिवार के अन्य लोग उसे प्रताड़ित करने लगे थे। आरोप है कि अरबीना पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था। यह प्रताड़ना महीनों तक जारी रही। ऐसे में वह कई बार अपने मायके से पैसे लेकर ससुराल भी गई। लेकिन तब भी उसे राहत नहीं मिली। आरोप है कि और पैसे लाने के लिए प्रताड़ना बढ़ती जा रही थी। अरबीना के मायके वालों ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। कुछ दिन पहले पता चला कि अरबीना गर्भवती है। आरोप है कि इसके बाद भी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार सुबह अरबीना का शव उसके ससुराल में बरामद हुआ। घटना की खबर पाकर उसके पिता के घर के लोग वहां पहुंचे। इसकी सूचना जयनगर थाने को दी गई। पुलिस ने जाकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top