Uttar Pradesh

नगर निगम के सदन ने नई कार्यकारिणी के चुनाव पर लगाई मुहर

नगर निगम के सदन ने नई कार्यकारिणी के चुनाव पर लगाई मुहर

– स्वच्छता सर्वे में 28वां स्थान आने पर पार्षदों ने ध्वनिमत से जताई प्रसन्नता

अयोध्या, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । गांधी सभागार में आयोजित नगर निगम बोर्ड की नवीं बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन का फैसला लिया गया। इसके पूर्व स्वच्छता सर्वेक्षण में 28वीं रैंक आने पर सदन ने ध्वनिमत से प्रसन्नता जताई और अगले वर्ष देश के नगर निकायों में टॉप टेन में आने का संकल्प जताया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में नगर आयुक्त जयंत कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत कुमार का परिचय कराया गया। इस मौके पर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, सांसद प्रतिनिधि जाफर मीसम मौजूद रहे। महापौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में 28 वां स्थान आने पर नगर की जनता, पार्षद गण और कर्मचारियों की सराहना की। उनके प्रस्ताव पर सदन ने ध्वनि मत से अगले वर्ष देश के टॉप 10 नगर निकायों में शामिल होने के लिए और सजगता से कार्य करने का संकल्प जताया गया।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उम्मीद के अनुरूप स्वच्छता के मामले में अयोध्या को नंबर वन बनाने के लिए हम सबको तकनीकी खामियां दूर कर तेजी से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने सामुदायिक व निजी शौचालयों में सुधार की आवश्यकता जताई। कहा कि पिरखौली का प्लांट चालू होने पर हम स्वच्छता के मामले में टॉप टेन में आ जाएंगे।

चर्चा की शुरुआत में विपक्षी पार्षद दल के नेता विशाल पाल ने कार्यवृत्ति की उपलब्धता का मसला उठाया। इसके बाद विनय जायसवाल ने एक अप्रैल से 25 जुलाई तक के आय-व्यय का विवरण मांगा। चर्चा आगे बढ़ी तो पूर्व उपसभापति जय नारायण सिंह ‘रिंकू’ ने कार्यकारिणी के चुनाव का मुद्दा उठाया। इस पर विशाल पाल एवं रामभवन यादव ने आपत्ति जताई, जिस पर भाजपा पार्षद बृजेंद्र सिंह, अनूप दास, चंदन सिंह आदि ने चर्चा में भाग लेते हुए विरोध जताया। रिंकू सिंह ने कहा कि जो कार्यकारिणी कालातीत हो चुकी है, वह सदन को संचालित नहीं कर सकती। अनुज दास ने कहा कि जब कार्यकारिणी ही अल्पमत में है तो सदन के संचालन का कोई औचित्य नहीं है। बृजेंद्र सिंह ने सबसे पहले कार्यकारिणी के चुनाव पर निर्णय लिए जाने पर जोर दिया।

महापौर ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सदन का संचालन सुचारु रूप से किया जाएगा। उन्होंने 15 से 20 दिन में विधिक राय लेकर नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। इसके साथ ही बैठक स्थगित करने की घोषणा की। बैठक का संचालन सीटीओ गजेंद्र सिंह ने किया। सदन की बैठक में उपसभापति राजेश गौड़, संतोष सिंह, अखिलेश पांडेय, गरिमा मौर्य, आभा पांडेय, रंजन यादव, सुल्तान अंसारी, मिथिलेश मिश्र, सुमन यादव, अर्चना श्रीवास्तव आदि पार्षदों ने हिस्सा लिया।

(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय

Most Popular

To Top