Chhattisgarh

नगर निगम को वसूलना है 10 करोड़

वसूली की कार्रवाई करती नगर निगम की टीम।

निगम टीम ने 10 दुकानों पर लगाया ताला, जलकर की राशि भी बकाया, 500 को नोटिस

धमतरी, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम को विभिन्न संसाधनों से राजस्व की प्राप्ति होती है। समय पर राजस्व का भुगतान होने से नगर निगम का संचालन प्रभावित होता है। सालों से राजस्व कर का भुगतान नहीं करने वालों के लिए निगम ने अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत दुकान में सीलबंदी, टेपनल विच्छेद की कार्रवाई की जारी है जानकारी के अनुसार नगर निगम को विभिन्न मदों से 10 करोड़ से अधिक की राशि वसूल करनी है। इन दिनों नगर निगम की टीम घर घर जाकर कर वसूलने में लगी हुई है।

वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पूर्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निगम की वसूली टीम अलग-अलग वार्ड में तैयार हो गई है। बकायादारों को नोटिस भेजकर बकाया पटाने का आग्रह कर रही है। मियाद खत्म होने पर टीम दुकानों में ताला लगाकर सील लगा रही हैं। वहीं वाडों में निजी नल कनेक्शन को विच्छेद करने की कार्रवाई की जा रही है। कमिश्नर के आदेश पर 10 करोड़ वसूली के लक्ष्य को पूरा करना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी, कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।

निगम के वसूली प्रभारी मोहम्मद शेरखान ने बताया कि शहर के विभिन्न वाडों में व्यावसायिक काम्पलेक्स का निर्माण किया गया है जिसमें सैकड़ों बेरोजगार दुकान खोलकर स्वरोजगार अपना रहे हैं। कुछ दुकानें ऐसी है जहां के दुकानदारों ने तीन चार साल से किराया नहीं पटाया है। नोटिस देने के बाद जवाब नहीं मिलने पर स्पॉट पर जाकर 10 दुकानों का शटर गिराकर ताला लगाया गया एवं निगम का सील ठोक दिया गया है। दुकानों पर सख्ती से कार्रवाई होने पर दुकानदारों में हड़कंप है। चलती दुकानें कहीं बंद न हो जाए इस डर से आनन-फानन में कई बकायादार निगम पहुंचकर किराया पटा रहे हैं। इसी तरह से नल कनेक्शन का बकाया राशि नहीं मिलने पर 500 लोगों को नोटिस मिला है। कुछ हितग्राही ने मोहलत मांगी तो कुछ ने तत्काल किराया जमा करा दिया। जानकारी के अनुसार अटल आवास सोरिद, डाक बंगला, जोधापुर, सोरिद, विवेकानंद में कार्रवाई की गई है।

चार जोन में बांटकर हो रही वसूली

वाडों में घर घर पहुंचकर जलकर की राशि वसूली की जा रही है। मोहलत मंगाने पर समय दिया जा रहा है। साथ ही सलाह दी जा रही है। वसूली अभियान के लिए सभी वाडों को चार जोन में बांटा गया है, जिसमें 22 एआरआई व दर्जनों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है जो सुबह से शाम तक फील्ड में काम कर रहे हैं।

टैक्स वसूली के लिए उठाए जा रहे सख्त कदम : प्रिया गोयल

आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि टैक्स वसूली के लिए सख्त कदम उठाया गया है। टीम स्थल में जाकर दुकानों में ताला लगाने, नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई कर रही है। निगम बकायादारों की पहचान कर वसूली अभियान चला रहा है। 10 करोड़ वसूली के लक्ष्य को पूरा करना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी, कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। कई लोगों का जलकर 10 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है। बार-बार नोटिस देने के बाद आनाकानी कर रहे हैं। निगम ने सख्ती बरतनी वसूली तेज कर दी है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top