Uttar Pradesh

वाराणसी में वर्षा जल निकासी के लिए नगर निगम को मिले चार करोड़ रुपये

फोटो प्रतीक

—मास्टर प्लान बनेगा, हैदराबाद और दिल्ली की फर्मों से आईं निविदाएं

वाराणसी, 28 जून (Udaipur Kiran) । मानसून के दौर में वाराणसी शहर में जलजमाव की पुरानी समस्या को सुलझाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वाराणसी नगर निगम को वर्षा जल निकासी का मास्टर प्लान तैयार करने के लिए चार करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। यह राशि अर्बन फ्लड, जल प्लावन नियंत्रण एवं वर्षा जल निकासी योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पूरी नगर निगम सीमा के भीतर जल निकासी की व्यवस्था को वैज्ञानिक तरीके से सुधारने और दीर्घकालिक समाधान के लिए यह विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। पूर्व में निगम ने इसके लिए शासन से वित्तीय सहायता की मांग की थी, जिसके अनुरूप यह राशि स्वीकृत हुई है। मास्टर प्लान तैयार करने हेतु नगर निगम द्वारा निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, जिनके जवाब में हैदराबाद और दिल्ली की दो प्रतिष्ठित फर्मों ने प्रस्ताव भेजे हैं। इन प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन व परीक्षण के लिए सी.एंड.डी.एस. मुख्यालय, लखनऊ को भेजा गया है।

तकनीकी परीक्षण के बाद स्वीकृति मिलने पर विस्तृत मास्टर प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके आधार पर शहर के विभिन्न इलाकों में जल निकासी के निर्माण और सुधार कार्य किए जाएंगे। इससे न केवल जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि शहरी जीवन में भी सुधार होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top