Maharashtra

मुंबई पुलिस ने मनोज जारांगे को दी आजाद मैदान में एक दिन प्रदर्शन की सशर्त अनुमति

फोटो: पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल

मुंबई, 27 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुंबई पुलिस ने मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल को मराठा आरक्षण के लिए २९ अगस्त को सिर्फ एक दिन के लिए प्रदर्शन करने की सशर्त अनुमति दी है। पुलिस ने मनोज जारांगे को आजाद मैदान में प्रदर्शन के दौरान मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान किसी भी गड़बड़ी न करने की भी शर्त रखी है।

मुंबई पुलिस के अनुसार मनोज जारांगे को आज़ाद मैदान में विरोध प्रदर्शन की अनुमति केवल एक दिन के लिए है और इसमें कुछ शर्तें भी जोड़ी गई हैं। मुंबई पुलिस ने अपने आदेश में कहा है कि इस विरोध प्रदर्शन की अनुमति सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। साथ ही उनके साथ केवल पांच हज़ार प्रदर्शनकारियों को उपस्थित रहने की अनुमति दी गई है। पुलिस की ओर से दी गई शर्तों के मुताबिक शनिवार, रविवार या सरकारी छुट्टियों पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही प्रदर्शन के लिए केवल कुछ वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था पुलिस की सलाह से करनी होगी। प्रदर्शनकारियों के वाहन ईस्टर्न फ्रीवे से वाडी बंदर तक आएंगे। उसके बाद मुख्य नेता के साथ केवल 5 वाहनों को ही आज़ाद मैदान में प्रवेश की अनुमति होगी। बाकी वाहनों को पुलिस द्वारा निर्दिष्ट स्थान पर पार्क करना होगा।

बिना अनुमति के किसी भी माइक्रोफ़ोन, स्पीकर या शोर करने वाले उपकरणों की अनुमति नहीं होगी। प्रदर्शन स्थल पर खाना बनाना और कचरा फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रदर्शन के दौरान गणेशोत्सव चल रहा है, इसलिए कोई भी यातायात बाधित नहीं कर सकता, नागरिकों को परेशान नहीं कर सकता या धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकता। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को प्रदर्शन में शामिल नहीं होना चाहिए।

पुलिस की ओर २९ अगस्त को प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद मराठा नेता मनोज जारांगे ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि अगर सरकार एक दिन में हमारी मांगें मान लेती है, तो हम उनकी शर्तें मान लेते हैं। अगर हमें एक दिन के लिए विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी जाती है, तो सरकार हमें एक दिन में आरक्षण दे।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top