Uttar Pradesh

मुखर्जी ने जो सपना देखा, मोदी ने उसे पूरा किया : योगी आदित्यनाथ

मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते मुख्यमंत्री योगी व अन्य

लखनऊ, 23 जून (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सिविल अस्पताल स्थिति उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारता माता के महान सपूत, भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मुखर्जी की पावन पुण्यतिथि है। आज ही के दिन 1953 में मुखर्जी ने अखण्ड भारत के लिए अपना बलिदान दिया था। मुखर्जी एक महान शिक्षाविद्, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और एक भारत श्रेष्ठ भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। स्वतंत्र भारत में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने देश को अपने विजनरी नेतृत्व से लाभान्वित करके देश की औद्योगिक नीति को तय करके अपनी भूमिका निर्वहन किया था। देश के अंदर खाद्य मंत्री के रूप में भी उन्होंने एक बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था। उन्होंने कैबिनेट से नेहरू सरकार की ओर से आजादी के तत्काल बाद राष्ट्रीय एकता और अखण्डता से किए जा रहे खिलवाड़ की वजह से इस्तीफा दे दिया था।

योगी ने कहा कि भारतीय जनसंघ के पहले अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश के अंदर एक नई राजनीतिक शुरुआत को आगू बढ़ाया था। 1952 के आम चुनाव के बाद धारा 370 लागू करने का कार्य तत्कालीन सरकार ने किया था। देश की सुरक्षा के साथ देश की अखण्डता को स्वयं सरकार में बैठे लोग ही चुनौती देने लग गए थे। तब एक देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान का ऐलान करते हुए डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर में प्रवेश किया था। उनको गिरफ्तार किया गया। हिरासत में ही 23 जून 1953 को जम्मू कश्मीर की जेल में उनका बलिदान हुआ।

डॉ. मुखर्जी ने 1953 में एक भारत का अखण्ड और सुरक्षित का जो सपना देखा था, उसे साकार होने में 65-66 साल लगे। जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पांच अगस्त 2019 में कश्मीर में धारा 370 समाप्त हुई। आज जम्मू कश्मीर लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्शों के साथ भारत के संविधान की भावनाओं के अनुरूप एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पनाओं को साकार कर रहा है। कश्मीर में धारा 370 का हटना डॉ. मुखर्जी के प्रति पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की सरकार की कृतज्ञता है। उनकी इस पावन पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

इस अवसर पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, मेयर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।————-

(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला

Most Popular

To Top