
भोपाल, 5 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘वंदे मातरम् /150’ अभियान की विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान सात नवंबर से 26 नवंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। ‘वंदे मातरम्’ वह गीत है जिसने भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में लाखों भारतीयों के भीतर देशभक्ति, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जगाई। स्व. बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में इसे उत्सव के रूप में मनाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी संजोने का कार्य कर रही है। जब हम अपनी जड़ों, धरोहर और राष्ट्रीय मूल्यों को संभालकर रखेंगे, तभी विकास स्थायी और सार्थक होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ‘वंदे मातरम् /150’ अभियान की इस अवधि में पूरे प्रदेश के हर जिले, स्कूल और कॉलेज में विविध कार्यक्रम होंगे, जिनमें सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्यिक प्रतियोगिताएँ, लेखन गतिविधियाँ और सोशल मीडिया अभियान शामिल हैं। सात नवंबर को पूरे प्रदेश में एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का वाचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 150 स्थानों पर, कम से कम 150 लोगों की भागीदारी के साथ आयोजित होगा। प्रत्येक कार्यक्रम में गीत के पश्चात ‘स्वदेशी संकल्प’ लिया जाएगा।
खण्डेलवाल ने कहा कि यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करने का प्रयास है। जब पूरा प्रदेश एक स्वर में “वंदे मातरम्” गाएगा, तब भारत की आत्मा बोल उठेगी। यह हमारा गौरव, हमारी पहचान और हमारी राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।
प्रदेशभर में एक साथ शुरुआत
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सात नवंबर को प्रदेशभर में यह कार्यक्रम एक साथ आरंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश सरकार के मंत्री प्रदेश के दसों संभागों में उपस्थित रहेंगे और जनता के साथ इस राष्ट्रभावना से जुड़ेंगे। इनमें उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल (रीवा), मंत्री राव उदय प्रताप सिंह (नर्मदापुरम), एदल सिंह कंसाना (मुरैना), प्रद्मुन सिंह (ग्वालियर), गोविंद सिंह राजपूत (सागर), दिलीप जायसवाल (शहडोल), राकेश सिंह (जबलपुर), कैलाश विजयवर्गीय (इंदौर) और गौतम टेटवाल (उज्जैन) शामिल होंगे।
प्रेसवार्ता के दौरान हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार हार की खीझ निकालने के लिए अब ‘वोट चोरी’ जैसे निराधार आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग का एसआईआर अभियान नया नहीं है, यह आज़ादी के बाद से होता आया है। इसका उद्देश्य केवल सही मतदाताओं के नाम जोड़ना और गलत प्रविष्टियाँ हटाना है। खण्डेलवाल ने कहा, “चुनाव आयोग लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य कर रहा है। कांग्रेस को इसमें सहयोग देना चाहिए, लेकिन वे हर बार चुनाव हारने के बाद भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। दो साल बाद भी वोट चोरी की बात करना केवल जनादेश के प्रति असम्मान है।”
—————
(Udaipur Kiran) / डॉ. मयंक चतुर्वेदी