Jharkhand

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री के नेतृत्व में साइक्लोथॉन के साथ शुरू हुआ सांसद खेल महोत्सव

साइक्लोथॉन के साथ सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करते केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री
बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम करते छात्राएं
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और प्रतिभागियों की तस्वीर
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री बैंड डिस्प्ले के बाद छात्राओं के साथ

रांची, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान से रविवार को सांसद खेल महोत्सव-2025 का शुभारंभ हुआ। हजारों युवाओं और खेल प्रेमियों की भागीदारी के बीच आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत साइक्लोथॉन से हुई। आयोजन का नेतृत्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ ने किया।

सांसद खेल महोत्सव-2025 की शुरुआत केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर संजय सेठ ने कहा कि खेल न केवल शरीर को तंदरुस्त रखता है, बल्कि समाज को अनुशासन और ऊर्जा भी देता हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि यदि देश को विकसित बनाना है, तो पहले फिटनेस और स्वास्थ्य पर जोर देना होगा। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भी ‘स्वस्थ युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

संजय सेठ ने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ एक खेल का आयोजन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। स्वस्थ भारत के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। यह महोत्सव हर नागरिक को यह संदेश देता है कि फिटनेस सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि साइक्लोथॉन जैसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करने का माध्यम हैं। खेल से बेहतर कोई साधन नहीं है, जो युवाओं को एकजुट कर सके और उन्हें जीवन में सकारात्मक ऊर्जा दे सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद खेल महोत्सव आने वाले वर्षों में और बड़े स्तर पर आयोजित होगा और यह झारखंड की पहचान बनेगा।

साइक्लोथॉन में भारतीय नौसेना की रिटायर्ड अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकीं कमांडर गौरी मिश्रा भी मौजूद थीं। वह विश्व साइक्लिंग चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन करने वाली पहली महिला अधिकारी रही हैं।

गौरी मिश्रा ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरा सपना है कि हर घर में एक साइकिल हो। यदि बच्चे और युवा रोजाना साइकिल चलाएंगे , तो फिट इंडिया का सपना जल्द ही साकार होगा।

साइक्लोथॉन में न केवल कॉलेज और स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए, बल्कि विभिन्न खेल संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों के साथ ही आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सड़कों पर जगह-जगह लोगों ने साइकिल चालकों का उत्साह बढ़ाने के लिए तालियां बजाईं। लोगों ने उनके लिए पानी की व्यवस्था भी की थी।

साइक्लोथॉन के दौरान साइकिल चालकों ने मोराहाबादी से उपायुक्त आवास होकर राजभवन होते हुए जस्टिस शहदेव चौक, कांके रोड, सिदो-कान्हू पार्क, रांची कॉलेज, ऑक्सीजन पार्क से वापस मोरहाबादी पहुंचे। प्रतिभागियों ने इस दौरान लगभग 3.30 किलोमीटर साइकिल चलाई।

साइक्लोथॉन के शुभारंभ से पूर्व बैंड की शानदार प्रस्तुति से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सबका मन मोह लिया। इनकी प्रस्तुति ने साइक्लोथॉन में शामिल प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह का संचार भी किया। बैंड टीम में शामिल छात्राओं का उत्साहवर्द्धन कर, उन्हें प्रमाण पत्र देकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने सम्मानित किया। साइक्लोथॉन में शामिल प्रभागियों को भी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव में फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और अन्य खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा सांसद खेल महोत्सव डॉट इन (sansadkhelmahotsav.in) पर उपलब्ध है।—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top