Madhya Pradesh

मप्रः रायसेन जिले में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म, जंगल में रोती मिली

आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम

– आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम, आरोपित पर 10 हजार का इनाम घोषित

रायसेन, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में एक छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची लोगों को जंगल में खून से लथपथ हालत में रोती हुई मिली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हुई। बेहतर इलाज के लिए उसे एम्स में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद शनिवार को आक्रोशित लोगों ने जयपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सैकड़ों गाड़ियां वहां फंस गई। लोगों ने आसपास की दुकानें भी बंद करा दी। लोग आरोपी को तत्काल गिरफ्तारी और फांसी देने की मांग कर रहे थे। करीब 4 घंटे बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उसके ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।

पुलिस ने बताया कि बच्ची शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान 23 साल का आरोपी सलमान वहां से गुजरा। बच्ची को अकेला देख उसे बातें की और चॉकलेट दिलाने का कहकर अपने साथ ले गया। कुछ दूर जंगल में ले जाकर उसने वारदात का अंजाम दिया और फरार हो गया। घर के बाहर खेल रही बच्ची जब कुछ देर नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसे खोजा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने अनहोनी के डर से उसे तलाशना शुरू किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने बताया कि वह सलमान के साथ दिखी थी। जिसके बाद कुछ लोग जंगल की ओर गए और वहां मासूम रोती हुई मिली। बच्ची की हालत ठीक नहीं होने की वजह से परिजन उसे औबेदुल्लागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां दुष्कर्म की बात सामने आई। डॉक्टर ने भोपाल रेफर कर दिया।

इधर, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह 11 बजे विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल और हिंदू संगठन नेशनल हाईवे 45 गोहरगंज पहुंचे। यहां उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी देने की मांग की। उन्होंने यहां जमकर नारेबाजी की। लोगों की भीड़ बढ़ती देख रायसेन जिले के करीब सभी थानों से बल मौके पर रवाना किया गया। लोगों ने दोपहर करीब 12 बजे हाईवे पर बैठना शुरू कर दिया। इसके बाद एसपी पंकज कुमार पाण्डेय समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी लोगों को समझाने मौके पर पहुंचे। करीब 4 घंटे बाद भी लोगों ने चक्काजाम खत्म किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि आरोपी मजदूरी करने गांव में आता था। घटना के बाद से फरार है। उस पर 10 हजार का इनाम घोषित किया है। साथ ही उसके पोस्टर भी जारी कर सभी थानों में सर्कुलेट कर दिए गए हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर