
रांची, 01 सितंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 21 सितंबर से होगा। इसका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।
25 दिसंबर को इसका समापन किया जाएगा। यह जानकारी रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
सेठ ने बताया कि विकसित भारत का जो लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी ने लिया है, उसमें हमारे युवा पूरी तरह से फिट हों, स्वस्थ हों, इस उद्देश्य के साथ रांची में फिर से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
यह महोत्सव झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। हर व्यक्ति स्वस्थ रहे इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने खेल के मैदान में एक घंटा बिताने का संदेश दिया है, इस महोत्सव का उद्देश्य भी वही है। यह खेल महोत्सव 21 सितंबर से शुरू होगा जो 25 दिसंबर तक चलेगा।
रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र रांची, हटिया, खिजरी, कांके, सिल्ली और ईचागढ़ में खेल कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को मोराबादी मैदान से साइक्लोथन के साथ इसका आगाज होगा। 12 अक्टूबर को मोराबादी मैदान से मैराथन और आयोजित होगा, जो ओटीसी ग्राउंड पर जाकर संपन्न होगा। इसमें लगभग 25 हजार युवाओं की सहभागिता होगी।
सेठ ने कहा कि खेल महोत्सव में हमने खेल संस्कृति और नेतृत्व को बढ़ावा देने का फैसला लिया है। यह खेल महोत्सव सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं होगा बल्कि समाज के हर लोग इसमें सहभागिता निभाएंगे, ऐसी व्यवस्था हम कर रहे हैं। इस महोत्सव का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन होगा। सांसद खेल महोत्सव की वेबसाइट और बारकोड को स्कैन करके प्रतिभागी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। पंचायत और विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाले इस खेल का समापन रांची लोकसभा क्षेत्र के मुख्यालय झारखंड की राजधानी रांची में होगा।
ऐसे खिलाड़ी, जो इस महोत्सव में जीतेंगे उन्हें नमो फीट इंडिया लीडर्स के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार आयोजित होने वाले खेल महोत्सव में फुटबॉल, कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट, तीरंदाजी, वूशु, एथलेटिक्स, लॉन बॉल, रस्साकसी, फिट्टो, गिल्ली डंडा को शामिल किया गया है।
इसके अलावा तनाव मुक्त जीवन के लिए योग से संबंधित प्रशिक्षण शिविर भी लगाया जाएगा। समापन के अवसर पर 25 दिसंबर को फन गेम्सर भी आयोजित होंगे, जिसमें मनोरंजन के लिए हर नागरिक हर बच्चे शामिल हो सकते हैं। फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, तीरंदाजी, रस्साकसी जैसे खेलों का आयोजन विधानसभा स्तर पर किया जाएगा और इसका फाइनल लोकसभा क्षेत्र स्तर पर रांची में संपन्न होगा।
आयोजन की तिथियां
21 सितंबर – साइक्लिंग (मोराबादी मैदान से ओटीसी मैदान तक)
12 अक्टूबर – मैराथन (मोराबादी मैदान से ओटीसी मैदान तक)
आयोजन की अन्य प्रतियोगिताओं में 8-9 नवंबर फुटबॉल (सीनियर वर्ग), प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र स्थल: चंडील स्टेडियम-इचागढ़, सिल्ली स्टेडियम, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय कांके, लाल खटंगा नमकुम, एचईसी ग्राउंड हटिया, मोराबादी मैदान रांची।
29-30 नवंबर – फुटबॉल (जूनियर वर्ग), प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र
6-7 दिसंबर – टेनिस बॉल क्रिकेट(सभी विधानसभा छेत्र) लॉन बॉल्स (आरके आनंद बॉल्स ग्रीन) वुशु (बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी)।
13-14 दिसंबर – तीरंदाजी (सिल्ली स्टेडियम, तोरियन वर्ल्ड स्कूल रांची), एथलेटिक्स (बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी रांची)।
19-20 दिसंबर 2025 – कबड्डी (जूनियर एवं सीनियर वर्ग), प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र।
मौके पर पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, उदय साहू, चंचल भट्टाचार्य, योगेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार जैन, रमेंद्र कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
