Madhya Pradesh

हर माँ और बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए मप्र सरकार प्रतिबद्ध: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि मैककैफ्री ने की उप मुख्यमंत्री शुक्ल से सौजन्य भेंट
यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि मैककैफ्री ने की उप मुख्यमंत्री शुक्ल से सौजन्य भेंट

– यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि मैककैफ्री ने की उप मुख्यमंत्री शुक्ल से सौजन्य भेंट

भोपाल, 20 जून (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार और यूनिसेफ इंडिया के बीच समन्वय और सहयोग से राज्य में एनीमिया और कुपोषण उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। सरकार और यूनिसेफ भारत मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि राज्य की हर माँ और हर बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें। साझा उद्देश्य और ठोस कार्यवाही के माध्यम से हम एक स्वस्थ और समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल यूनिसेफ इंडिया की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्री से चर्चा कर रहे थे। मैककैफ्री मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान गुरुवार देर शाम मंत्रालय पहुंची थी। यहां उन्होंने उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मैककैफ्री ने राज्य में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि यूनिसेफ इंडिया की साझेदारी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। यूनिसेफ की तकनीकी विशेषज्ञता और जमीनी स्तर पर सहयोग से राज्य सरकार की योजनाओं को नई दिशा मिली है। साझे प्रयास से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top