Madhya Pradesh

मप्र सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेशावासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

राजधानी भोपाल में निकाली तिरंगा यात्रा

– हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ हर घर स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील

भोपाल, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने गुरुवार काे प्रदेशावासियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व हम सभी के लिए मंगलमय है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन महान बलिदानों की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें यह आजादी दिलाई और हमें एक विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए प्रेरित करता है।

राज्य मंत्री लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सराहना की और प्रदेशवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, हम सब अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और इस संकल्प के साथ फहराएं कि आने वाले समय में, 2047 तक हम अपने भारत देश को विकसित देशों की श्रेणी में लाकर खड़ा करेंगे।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय का गौरव है और यह अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त करता है। उन्‍होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देश के प्रति उनके समर्पण को याद करने का अवसर है। उन्होंने सभी से इस अवसर पर एकजुट होकर देश की प्रगति और समृद्धि के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि आजादी का यह दिन हमें सामाजिक न्याय और समरसता का संदेश देता है। मंत्री चौहान ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिये शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने का संकल्‍प लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति कल्याण के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

वन, पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने कहा कि देश की एकता और अखण्डता को बनाए रखने के लिये संकल्प लें। राज्यमंत्री अहिरवार ने कहा कि आज का दिन शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। हम सब मिलकर उनके सपनों का भारत बनाने का प्रयास करें। राज्यमंत्री अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार वन और पर्यावरण संरक्षण में नवाचार के साथ नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

राज्य मंत्री, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि हमारी आजादी की लड़ाई लंबी और कठिन थी, जिसमें असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। यह दिवस उन सभी महापुरुषों और बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का पावन अवसर है, जिन्होंने अपने अदम्य साहस और अटूट संकल्प से भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने में योगदान दिया। उन्‍होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास, अनुपम पराक्रम और राष्ट्रीय एकता पर गर्व की अनुभूति कराता है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि यह पावन पर्व हमें अपने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले महान नायकों को याद करने का महत्वपूर्ण पल है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित भारत-वर्ष 2047 के लिए एक-जुट होकर पूरी सक्रियता से योगदान देने का आह्वान किया है।

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हम सब नागरिकों को अपने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मरण करने का गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि देश की विविधतापूर्ण संस्कृति को एक सूत्र में बांधने में हमारी राष्ट्रीय एकता का महत्वपूर्ण योगदान है। मंत्री सिंह ने नागरिकों से देश और प्रदेश की तरक्की के लिए एक-जुट होकर योगदान देने का आह्वान किया है।

कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि यह दिन हमें हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है और यह संकल्प दिलाता है कि हम उनके सपनों को साकार करें। कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाकर हम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हम सब मिलकर संकल्प करें कि नशा मुक्त, कौशल संपन्न और सशक्त समाज का निर्माण करें तथा स्वतंत्रता की इस अमूल्य धरोहर को और मजबूत बनाएं।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि यह दिन हमें आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के साहस, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। हमें उनके सपनों का भारत बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर हम स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि सभी नागरिक मिलकर स्वच्छ, नशा मुक्त और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दें और स्वतंत्रता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह दिन हमें आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों के त्याग और योगदान की याद दिलाता है। हमारा उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को पूरा करना है। इस अभियान में हम सब सक्रिय भागीदारी निभायें।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यह पावन दिवस हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने अपनी वीरता और अदम्य साहस से अपने प्राणों की आहुति देकर देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उनके बलिदानों के परिणाम स्वरूप हमारा देश स्वतंत्र हुआ। आज का दिन उन सभी अमर शहीदों और वीर सेनानियों के चरणों में नमन करने का दिन है। उन्‍होंने कहा कि देश आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर है और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का समृद्ध भारत का संकल्प साकार हो रहा है।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि स्वतंत्रता के पावन अवसर पर हम अपने उन अमर शहीदों एवं देशभक्तों को याद करें, जिन्होंने हमें स्वतंत्रता का अमूल्य उपहार दिया। मंत्री सिलावट ने कहा कि जल संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश में पानी की हर बूंद का संरक्षण और अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया गया है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा तेज गति से बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश वासियों से आह्वान किया है कि आज के पावन दिन देश की एकता और अखंडता के साथ ही देश एवं प्रदेश के विकास में अपना हर संभव योगदान देने का संकल्प लें।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top