Madhya Pradesh

मप्रः केन्द्रीय संयुक्त सचिव सत्यार्थी ने किया सायबर तहसील का निरीक्षण

भोपाल, 06 जून (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव कुणाल सत्यार्थी ने गुरुवार को नई दिल्ली से भोपाल पहुँचकर प्रमुख राजस्व आयुक्त कार्यालय स्थित सायबर तहसील व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रमुख राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव ने मध्यप्रदेश में राजस्व विभाग द्वारा प्रारंभ की गई सायबर तहसील व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विभाग द्वारा शुरू किये गये आईटी इनिशियेटिव की जानकारी भी दी।

केन्द्रीय संयुक्त सचिव सत्यार्थी ने सायबर तहसील प्रक्रिया आरसीएमएस सहित राजस्व विभाग के अन्य पोर्टल पर प्रदान की जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के सायबर तहसील प्रोजेक्ट की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा इनिशियेटिव है। राजस्व आयुक्त कार्यालय में सायबर तहसील का अवलोकन करने के बाद केन्द्रीय संयुक्त सचिव सत्यार्थी ने शाहगंज पहुँचकर डिजिटाइजेशन प्रोजेक्ट के तहत नगरीय सर्वे के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर एडिशनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर एमपीएसईडीसी संदीप गोयल, सहायक राजस्व आयुक्त अपूर्वा दुबे, सहायक संचालक राजस्व वंशिका इंगले, सुरभि जैन और कविराज मेहरा उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) /नेहा

Most Popular

To Top