
नाहन, 06 जुलाई (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक (चतुर्थ वाहिनी) के प्रशिक्षण केंद्र विक्रम कैसल नाहन परिसर में शनिवार को एक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री सत्य साई सेवा संगठन भारत के आह्वान पर और श्री सत्य साई सेवा समिति नाहन के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य श्री सत्य साई बाबा की पावन जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान मंदिर में मंत्रोच्चारण और भजनों के साथ हुई जिससे वातावरण भक्तिमय और प्रेरणादायक बन गया। इसके उपरांत परिसर में लगभग 300 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
इस अभियान में गृह रक्षकों ने अहम भूमिका निभाई। साथ ही पर्यावरण समिति, हितैषी संस्था, डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की एन.सी.सी. और एन.एस.एस. इकाइयों सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
गृह रक्षा कमांडेंट टी.आर. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र में पिछले वर्ष लगाए गए 850 से अधिक पौधे आज भी अच्छी स्थिति में हैं, जो पर्यावरण के प्रति समाज की सजगता और सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
