Uttar Pradesh

स्वच्छता सर्वेक्षण में पहली बार टॉप-50 में शामिल हो सकता है मुरादाबाद महानगर

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल

मुरादाबाद, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार मुरादाबाद महानगर पहली बार टॉप-50 में शामिल हो सकता है। यह शहर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग होगी। मुरादाबाद शहर को वर्ष 2023 में 131 रैंक प्राप्त हुई थी। केंद्र सरकार की ओर से यह रैंकिंग शुक्रवार को जारी होने की उम्मीद है। नगर आयुक्त का कहना है कि केंद्रीय टीम ने सर्वे के दौरान शहर की साफ-सफाई के कार्यों को सराहा था।

स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्रीय टीम ने अप्रैल में शहर का सर्वे किया था। इस सर्वे में केंद्रीय टीम ने कई मानकों पर रिपोर्ट तैयार की थी। इसी सर्वे में शहरवासियों से फीडबैक भी मांगा गया था। फीडबैक देने के मामले में मुरादाबाद पूरे प्रदेश में अव्वल रहा था। वहीं, सर्वे करने वाली टीम ने भी कई मानकों पर निगम के कार्यों को सराहा था। इससे अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार स्वच्छता रैंकिंग में शहर अपना अब तक का सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।

स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में शहर की रैंकिंग धड़ाम हो गई थी। वर्ष 2023 की रैंकिंग में शहर को देश में 131 वां स्थान प्राप्त हुआ था। मुरादाबाद महानगर को वर्ष 2017 में 321 रैंक मिली थी 2018 में 274, 2019 में 195, 2020 में 117, 2021 में 108, 2022 में 95, 2023 में 131 रैंक प्राप्त हुई थी। अब 2024 की रैंकिंग में निगम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जता रहा है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि केंद्रीय टीम ने सर्वे के दौरान शहर की साफ-सफाई के कार्यों को सराहा था। पिछली बार प्लांट पर कूड़े के पहाड़ की वजह से रैंकिंग ध्वस्त हुई थी, लेकिन इस बार कूड़े का पहाड़ भी लगभग खत्म कर दिया गया और प्लांट पर पहले की अपेक्षा अधिक साफ-सफाई पाई गई थी। इससे उम्मीद है कि इस बार सबसे अच्छी रैंकिंग प्राप्त होगी।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top