Madhya Pradesh

मेहरबान बना हुआ है मानसून

मेहरबान बना हुआ है मानसून

गुना, 26 जून (Udaipur Kiran) । मानसून की मेहरबानी बरकरार बनी हुई है। पहले तो मानसून ने अपनी आमद समय पर दर्ज कराई और फिर जो बरसने का सिलसिला शुरु हुआ तो वह लगातार जारी बना हुआ है। गुरुवार को भी यह सिलसिला नहीं टूटा। इस दौरान दिन भर गर्मी और उमस से लोग परेशाान रहे, किन्तु शाम को बादल झमाझम अंदाज में बरसे। जिसने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश शाम से शुरु होकर रात तक चलती रही। इस दौरान तापमान 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, वहीं बीती रात का पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के साथ ही ग्वालियर चंबल संभाग में बारिश का सिस्टम सक्रिय बना हुआ है। करीब हफ्ते भर तक इसी तरह बारिश का दौर चलता रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस बार सामान्य बारिश की संभावना बन रही है।

बारिश के बावजूद नहीं मिल रही गर्मी से राहत

मानसून ने इस समय अपनी आमद सही समय पर दर्ज कराई है, वहीं मानसून मेहरबान भी बना हुआ है। पिछले करीब एक सप्ताह से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है। तीन दिन पहले तो एक दिन में ही करीब 5 इंच पानी बरसा था। लगातार बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। बारिश के दौरान तो इससे राहत रहती है, किन्तु बारिश थमते ही गर्मी और उमस परेशान करने लगती है। अधिकतम तापमान लगातार 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।

जिले में अब तक 225.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

जिले में 1 जून से अब तक 225.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जो कि सामान्य वर्षा का 21.4 प्रतिशत है। जिले में गत वर्ष इसी अवधि में 95.0 औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस हिसाब से देंखे तो पिछले साल की तुलना में इस साल अब तक ढाई गुना अधिक बारिश हो चुकी है। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1053.5 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक जिले के वर्षामापी केन्द्र गुना में 381.9 मिलीमीटर, बमौरी में 416.0, आरोन में 139.0, राघौगढ़ में 224.0, चांचौड़ा में 151.0, कुम्भराज में 161.0 तथा वर्षा मापी केन्द्र मधुसूदनगढ़

में 101.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस हिसाब से सबसे अधिक बारिश बमौरी में हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिषेक शर्मा

Most Popular

To Top