
– बूथ स्तर तक सेवा कर जनता से जुड़ने का सुनहरा अवसर : राजेश शुक्ल
– सेवा पखवाड़ा अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, यमुनापार जिला कार्यशाला सम्पन्न
प्रयागराज, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । आपके कार्य ही आपको सम्मान दिलाते हैं और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। यदि आप अपने दायित्वों का निर्वहन मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से करते हैं तो आपके विरोधी भी आपको सम्मान देने से पीछे नहीं हटते।
उक्त विचार मुख्य अतिथि भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने मंगलवार को भाजपा यमुनापार जिले की कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए सिविल लाइंस स्थित जिला कार्यालय में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सेवा, सुशासन और पारदर्शिता का जो उदाहरण दिया है वह आज़ादी के बाद किसी नेता ने सोचा भी नहीं था। उनके जीवन संघर्ष और सेवा भाव से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा अभियान’ के तहत कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य करना चाहिए। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्ध वर्ग संवाद, प्रदर्शनी, वोकल फॉर लोकल, खेलकूद प्रतियोगिता, मैराथन, दिव्यांग सम्मान और आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं के लिए केवल सेवा कार्य नहीं बल्कि जनता के बीच भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी की सोच को पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि 1433 बूथों पर स्वच्छता अभियान, 17-21 सितम्बर तक युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर, 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर वोकल फॉर लोकल और 2 अक्टूबर को आत्मनिर्भर भारत व चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के उत्साह को नई ऊर्जा देंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक पुष्पराज सिंह पटेल तथा आभार जिला मंत्री कृष्ण दास गुप्ता नाथू ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व अपर महाधिवक्ता व इलाहाबाद लोकसभा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी, विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, विनोद प्रजापति, कमलेश त्रिपाठी, राजमणि पासवान, सुभाष सिंह पटेल, चेयरमैन ओमप्रकाश केशरी, छेदीलाल कोटार्य, सतीश विश्वकर्मा, मिथिलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, महामंत्री, ब्लाक प्रमुख एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
