Uttar Pradesh

मीरजापुर में 24 घंटे में 40 सेमी. बढ़ी गंगा, तटीय इलाकों में बढ़ी हलचल

तेजी से बढ़ रहा गंगा नदी का जलस्तर।

74.480 मीटर पहुंचा गंगा जलस्तर, चेतावनी स्तर से सिर्फ 2.24 मीटर नीचे

मीरजापुर, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । सावन के माह में गंगा मैया अपने रौद्र में हैं। जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार सुबह आठ बजे जलस्तर 74.480 मीटर दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में गंगा 40 सेंटीमीटर चढ़ चुकी हैं। गंगा नदी में बढ़ोतरी की रफ्तार 1.666 सेमी. प्रति घंटा बनी हुई है। फिलहाल गंगा चेतावनी स्तर (76.724 मीटर) से करीब 2.24 मीटर और खतरे के निशान (77.724 मीटर) से 3.24 मीटर नीचे हैं, लेकिन बढ़ती रफ्तार ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। नगर निगम की टीम लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक जिले में गंगा का सबसे ऊंचा जलस्तर 9 सितंबर 1978 को 80.34 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। पिछले साल 17 सितंबर 2024 को जलस्तर 76.530 मीटर तक पहुंचा था, जो चेतावनी के करीब था।

तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ी जिले में गंगा का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया है। तटीय गांवों में मुनादी कराई जा रही है। नगर निगम ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। वहीं सिंचाई के साथ प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। गंगा के किनारे बसे लोगों से सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में प्रशासन से संपर्क में रहने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि सावन में लाेगाें की आस्था गंगा के प्रति से जुड़ी होती है। लेकिन बारिश के चलते नदियाें में जलस्तर काे लेकर सतर्कता जरूरी है। जिले में भी लगातार गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन अलर्ट है। डीएम का कहना है कि अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हालात बदलते देर नहीं लगती। नीचले इलाकाें में रहने वाले लोग फिलहाल घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें। बाढ़ चाैकियां निगरानी बनाए हुए हैं।

———–

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top