Uttrakhand

केंद्रीय विद्यालय के क्षेत्रीय संगठन की 36वीं युवा संसद प्रतियोगिता का मंत्री ने किया शुभारंभ

देहरादून, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्थानीय क्षेत्रीय कार्यालय की 36वीं युवा संसद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

देहरादून के हाथीबड़कला केंद्रीय विद्यालय नबंर 2 में आज से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 15 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 45 केंद्रीय विद्यालयों में से चयनित 8 सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय पिथौरागढ़, बनबासा, हल्द्वानी, उत्तरकाशी, ऋषिकेश, रायवाला एक नबंर, हाथीबड़कला और आईटीबीपी देहरादून शामिल हैं। प्रत्येक टीम में लगभग 55 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं, जो स्थानीय, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम देहरादून संभाग का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर करेगी, जहां देशभर के 25 क्षेत्रीय कार्यालयों की सर्वश्रेष्ठ टीमें भाग लेंगी।

36वीं युवा संसद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि युवा संसद जैसे मंच राष्ट्र की लोकतांत्रिक सोच, संवाद और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की क्षेत्रीय उपायुक्त डॉ. सुकृति रैवाणी ने सभी प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य निर्णायक केवी ओएनजीसी देहरादून के प्राचार्य सुशील कुमार धीमान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हाथीबड़कला दो नंबर के प्राचार्य विजय नैथानी के निर्देशन में किया गया है।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Most Popular

To Top