Uttar Pradesh

प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

बच्चों से पढ़ाई और नामांकन की जानकारी लेते मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’

मीरजापुर, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने मंगलवार को सिटी विकास खंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम गोसांईपुरवा का दौरा कर हालात का जायजा लिया। मंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि फसलों व क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा वितरित कराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाढ़ में डूबी फसलों को देखा और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मौके पर बच्चों से पढ़ाई और नामांकन की जानकारी ली। एक बच्चे के स्कूल न जाने की जानकारी पर मंत्री ने तत्काल उसका नाम पास के विद्यालय में दर्ज कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों व बच्चों को लंच पैकेट भी वितरित किए।

इसके बाद जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावितों के त्वरित राहत एवं पुनर्वास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है और एक सप्ताह के भीतर मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 10 व 11 सितंबर को विशेष अभियान चलाकर राशन वितरण भी किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावितों को लेकर गंभीर हैं और बड़े पैमाने पर धनराशि जारी की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत एवं मुआवजा कार्य पूरी पारदर्शिता से समयबद्ध तरीके पर पूर्ण हों। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ के बाद बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाओं का वितरण, फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव अभियान चलाने का आदेश दिया। पशुओं के चारे, टीकाकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

मंत्री ने सड़क व मकान क्षति का तत्काल सर्वे कर मरम्मत और मुआवजा वितरण की बात कही। उन्होंने बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, नावों की व्यवस्था बनाए रखने और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिश्मिता मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top