Jharkhand

मंत्री ने जनता दरबार में 52 फरियादियों की सुनी समस्याएं

जनता दरबार में लोगों की समस्‍याएं सुनती मंत्री

रांची, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना और समाधान के लिए संबद्ध अधिकारियों को तीव्र गति से आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि मंत्री दीपिका पांडे सिंह के समक्ष लगभग 52 फरियादियों ने अपनी समस्याओं को रखा। इसमें प्रमुख रूप से सड़क निर्माण, नियुक्ति, मईंयां सम्मान योजना, जमीन संबंधी, अबुआ आवास, हजारीबाग में पूर्व मुख्यमंत्री केबी सहाय की क्षतिग्रस्त प्रतिमा के निर्माण शामिल है। मौके पर मंत्री ने मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जेपीएससी से जुडे आए मामले

जनता दरबार के बाद मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जनता दरबार में सिर्फ सुनवाई नहीं होती बल्कि कार्रवाई भी होती है। उन्होंने बताया कि पिछले जनता दरबार में एक मामला आया था जिसमें इरम परवीन नामक महिला की तीन माह की बच्ची को पति की ओर से कश्मीर ले जाने का मामला आया था। इसपर पुलिस से संज्ञान लेने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को उसकी बच्ची को वापस दिलाया।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार में कई मामले ऐसे आते हैं जिनका तत्काल निपटारा हो जाता है और कई मामले ऐसे होते जो लंबी प्रक्रिया वाले होते हैं। इसके त्वरित प्रक्रिया के लिए निर्देशित किया जाता है और उनकी निगरानी भी की जाती है। उन्होंने कहा कि कई छात्रों के मामले ऐसे आए जिसमें जेएसएससी की परीक्षाओं में अभ्यर्थी सफल हो गए, लेकिन उनके प्रमाण पत्र का सत्यापन नहीं किया जा सका है।

इस संबंध में निर्देशित किया जाएगा और यह जल्द हो इसकी कोशिश की जाएगी।

विधानसभा सत्र के दौरान झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक के बारे में उन्होंने कहा कि बिल तैयार है और सदन के पटल पर रखा जाना है। इस विधेयक से क्रांतिकारी बदलाव उच्च शिक्षा में आयेगा। मंत्री ने कहा कि यदि सरकार शिक्षा जगत में सुधार की कोशिश कर रही है तो विपक्ष को इसमें सहयोग करना चाहिए।

जनता दरबार में प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी अभिलाष साहू सहित अन्य उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top