Assam

‘असम में एक भी भाजपा विधायक रहते मियांलैंड का सपना नहीं होगा पूरा’: किशोर उपाध्याय

कमल निशान।

गुवाहाटी, 31 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा असम प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता किशोर कुमार उपाध्याय ने गुरुवार को जोरदार अंदाज में कहा कि जब तक असम की विधान सभा में भारतीय जनता पार्टी का एक भी विधायक मौजूद है और असम की संतानों की रगों में असमिया खून बहता रहेगा, तब तक किसी भी बंगाल मूल के मुस्लिम व्यक्ति को ‘मियांलैंड’ का ख्वाब पूरा नहीं करने दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन, बशिष्ठ चाराली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने कांग्रेस विधायकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले विधानसभा में मियांलैंड की मांग उठाना, फिर ‘मियां कविता’, ‘मियां म्यूजियम’ जैसी अलगाववादी मानसिकता को बढ़ावा देने वाले प्रस्ताव रखना—ये सब एक योजनाबद्ध सांस्कृतिक कब्जे की कोशिशें हैं, जिन्हें भाजपा किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई से सवाल करते हुए कहा, “आप खुद को असम की संतान बताते हैं, लेकिन जब संसद के भीतर कुछ लोग पाकिस्तानी सेना की भाषा बोलते हैं, मियांलैंड की वकालत करते हैं, तब आप चुप क्यों रहते हैं?” उन्होंने चेताया कि कांग्रेस की नरम नीति के चलते कई बंगाल मूल के मुस्लिम—कुछ तो बांग्लादेशी एजेंट जैसे—साहस में आ गए हैं, लेकिन इस पृथकतावादी सोच को असम में पनपने नहीं दिया जाएगा।

उपाध्याय ने कहा कि भाजपा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव की विचारधारा से प्रेरित है, जिन्होंने सभी समुदायों को जोड़कर असम की एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया। भाजपा असम की सांस्कृतिक विरासत और मूल निवासियों की अस्मिता की रक्षा हर हाल में करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि असमिया समाज की सहिष्णुता और धर्मनिरपेक्षता का गलत फायदा उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बटद्रवा सत्र की जमीन पर जमाई बस्ती, रामपुर सत्र की भूमि पर बना मदरसा, जोरहाट के ‘ढाकई पटारी’, नेघेरीबिल में मंदिरों की जगह मस्जिद-मदरसे और कामाख्या के सूर्य पहाड़ का नाम बदलकर ‘कुदरतपुर’ करने की कोशिश—ये सभी सांस्कृतिक आक्रमण के उदाहरण हैं।

उन्होंने चेताया कि इस तरह का सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक आक्रमण भाजपा सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में हर अवैध कब्जे को हटाया जाएगा और हर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिये को बाहर निकालना भाजपा की सिर्फ प्रतिबद्धता नहीं, बल्कि सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top