
नई दिल्ली, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को ग्रीन एक्शन प्लान के तहत पौधारोपण अभियान की शुरूआत की। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और हरित राजधानी के संकल्प के साथ इस साल दिल्ली में 7 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने एक बयान में बताया कि ग्रीन एक्शन प्लान के तहत वर्ष भर में कुल 7,03,298 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें 3 लाख पेड़, 4 लाख झाड़ियां और 3,298 बांस के पौधे शामिल हैं। इस अभियान को मानसून सीजन में गति दी गई है।
उन्होंने बताया की अब तक दिल्ली के विभिन्न 12 जोनों में 66,242 पौधे रोपे जा चुके हैं। जिनमें 21,493 पेड़, 41,918 झाड़ियां और 2,831 बांस के पौधे हैं।
सत्या शर्मा ने कहा कि नगर निगम के उद्यान विभाग ने बारिश के मौसम में अभियान को युद्ध स्तर पर शुरू किया है। यह अभियान दिल्ली की हवा को साफ करने, तापमान में कमी लाने और जैव विविधता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शर्मा ने बताया की ग्रीन एक्शन प्लान को लेकर उद्यान विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी की गई है। बैठक में इस वर्ष निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य की पूर्ति, उपयुक्त स्थलों का चयन, पौधों की देखरेख और उनके संरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए की इन पौधों को चरणबद्ध और सुनियोजित तरीके से दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगाया जाएगा।
सत्या शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्लीवासियों से अपील है कि वे अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। यह पर्यावरण सेवा के साथ-साथ मातृ भक्ति का प्रतीक बन सकता है।
उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर दिल्ली को हरा और स्वच्छ बनाना है। सभी दिल्लीवासी इस हरित आंदोलन का हिस्सा बनें। यह सिर्फ पौधा लगाने का काम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुंदर दिल्ली की नींव रखने जैसा है।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
