Delhi

एमसीडी ने छठ घाटों पर रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ करने काे प्रति वार्ड 40,000 रुपये जारी की : सत्या शर्मा

निगम में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा (फाइल फोटो)।

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शुक्रवार को छठ घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए प्रति वार्ड 40,000 रुपये जारी करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एमसीडी ने सभी वार्डों में छठ पूजा के सुचारू आयोजन के लिए फंड आवंटित किया है।

सत्या शर्मा ने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल छठ घाटों के अंदर एवं आस-पास रोशनी की व्यवस्था करने के लिए खर्च किया जाएगा। निगम के विद्युत विभाग द्वारा 250 वार्डों में कुल 841 छठ घाटों की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग अपने कर्मचारियों को जल्द से जल्द लाइटिंग कार्य पूरा करने के लिए तैनात करेगा, क्योंकि उचित प्रकाश व्यवस्था न केवल उत्सव में रंग भर देगी बल्कि बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी जो घाटों पर पूजा करने आएंगे।

सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम छठ पूजा के इस पावन पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारी और निगरानी के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि वार्ड स्तर पर कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। निगम घाटों पर समुचित स्वच्छता व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगा ताकि लोग स्वच्छ और सुखद वातावरण में पर्व मना सकें।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा दिल्लीवासियों का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक पर्व है। निगम श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, रोशनी से युक्त और सुरक्षित घाट उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है।

———————–

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top