Delhi

महापौर ने सभी निगम कर्मचारियों, अधिकारियों एवं बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं

महापौर राजा इकबाल सिंह, निमायुक्त आश्वनी कुमार और स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ध्वजारोहण करते हुए।

दिल्ली, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने गुरूवार को सिविक सेंटर के प्रांगण में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महापौर ने निगम पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।

इस दौरान निगम मुख्यालय के सभागार में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजा इकबाल सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देशभक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों की सराहना की।

सिंह ने कहा कि निगम विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि वे किसी भी निजी विद्यालय के विद्यार्थियों से कम नहीं हैं। निगम विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है।

महापौर ने कहा कि आज हम खुली हवा में सांस ले सकते हैं और स्वतंत्र रूप से कहीं भी आ-जा सकते हैं किंतु 1947 से पूर्व अनेक प्रकार की बंदिशें थीं। इस स्वतंत्रता के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। हमें सदैव उनके बलिदान को स्मरण रखना चाहिए।

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। जिसे उन्होंने एक जन आंदोलन बना दिया। जिसे नागरिकों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक “दिल्ली को कूड़े से आजादी” अभियान चलाया जा रहा है ताकि दिल्ली को एक स्वच्छ शहर बनाया जा सके। इस अभियान में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगमायुक्त अश्विनी कुमार, निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top