Uttar Pradesh

महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया नगर निगम का निरीक्षण, नदारद मिली अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

महापौर सुषमा खर्कवाल नगर निगम का निरीक्षण करते हुए

लखनऊ, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार सुबह 10:45 बजे महापौर सुषमा खर्कवाल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी सीट से नदारद मिले। इससे नाराज महापौर ने मुख्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया और मौके पर मौजूद अटेंडेंस रजिस्टर जब्त कर लिया।

महापौर ने 311 एप के जरिए कर्मचारियों की अटेंडेंस सूची मंगाई। सूची की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई कर्मचारी सुबह मुख्यालय परिसर में आकर अटेंडेंस तो दर्ज कर गए, लेकिन उसके बाद वे अपनी सीट पर मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने नगर आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दो दिनों के भीतर नगर निगम में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाए और आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल मुख्यालय की कार्यशैली का नहीं बल्कि जनता की सुविधाओं से जुड़ा है, इसलिए इस लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

महापौर ने कहा यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते और अपने कार्यों के प्रति लापरवाह रहते हैं तो इसका सीधा असर शहरवासियों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ता है। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उनका पहला लक्ष्य है। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करने की बात कही।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने जनता से अपील की अगर 10 बजे आपको नगर निगम कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारी सीट पर नहीं मिलें तो तुरंत इसकी शिकायत 638920005 पर करें। इसके साथ ही आप फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर भी टैग कर सकते हैं।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top