Delhi

महापौर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

महापौर राजा इकबाल सिंह क्षेत्रीय उपायुक्त अंशुल सिरोही के साथ हकीकत नगर और बुराड़ी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करते हुए।

नई दिल्ली, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने शुक्रवार को मुखर्जी नगर वार्ड स्थित हकीकत नगर, बुराड़ी तथा अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान महापौर राजा इकबाल सिंह ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के पानी की शीघ्र निकासी हेतु अतिरिक्त पंप लगाए जाएं और जलभराव वाले क्षेत्रों में सैनिटेशन तथा फॉगिंग की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि हाल ही में यमुना नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण हकीकत नगर, बुराड़ी व अन्य इलाकों के कुछ हिस्सों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ा है। यमुना नदी के निकटवर्ती विभिन्न क्षेत्रों में आई बाढ़ की स्थिति को गंभीरता से लिया गया है तथा प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि जलभराव को यथाशीघ्र समाप्त कर जनजीवन को सामान्य किया जाए।

उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे घबराएं नहीं। नगर निगम की टीमें तथा आपदा प्रबंधन बल पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नगर निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

महापौर के साथ दिल्ली नगर निगम के क्षेत्रीय उपायुक्त अंशुल सिरोही व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top