
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने आगामी छठ महापर्व के तहत शुक्रवार को राजधानी के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। महापौर ने श्याम घाट, राम घाट तथा बुराड़ी से सोनिया विहार तक विभिन्न छठ घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि छठ महापर्व दिल्लीवासियों की आस्था और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा छठ पूजा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और आवागमन की सुगमता से संबंधित तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
महापौर ने बताया कि निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छठ घाटों के आसपास स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग और कचरा प्रबंधन के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएं। निगम के सफाई कर्मचारी निरंतर घाटों की सफाई और कचरा उठाने का कार्य कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर ने कहा की इस बार छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हर छठ घाट पर हो रहा यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को भी सशक्त बनाता है।
महापौर ने अंत में नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और छठ पूजा के दौरान पर्यावरण के प्रति जागरूक रहें ताकि यह पर्व श्रद्धा, स्वच्छता और समरसता का संदेश दे सके।
निरीक्षण के दौरान संगठन मंत्री पवन राणा, जिला अध्यक्ष यूके चौधरी, सिविल लाइन वार्ड समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह राठौर, पार्षद अनिल त्यागी, राजपाल राणा, सागर त्यागी, कार्यालय प्रभारी ब्रजेश राय तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी