Uttar Pradesh

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हो रहा विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर: मयंकेश्वर शरण सिंह

प्रतापगढ़

प्रतापगढ़, 24 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आजादी के बाद सरदार पटेल को कांग्रेस कार्य समिति में 13 वोट मिलने के बाद भी प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया था, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू, जिन्हें शून्य वोट मिले थे, प्रधानमंत्री बने। उन्होंने राहुल गांधी पर वोट चोरी का आरोप लगाया और कहा कि सरदार पटेल के प्रधानमंत्री बनने पर कश्मीर का विलय हो जाता। उन्होंने यह भी कहा कि भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है।

उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के वोट चोरी की बात का करारा जवाब दिया। कहा- शून्य वोट पाने वाले नेहरू प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस कार्य समिति के 14 सदस्यों के बीच कराई गई वोटिंग में 13 मत पाने वाले सरदार पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया। शून्य वोट पाने वाले जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री बने थे, उसी कांग्रेस के राहुल गांधी आज वोट चोरी की बात कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में तीन दिन तक 8 से 10 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा निकाली जाएगी। राज्य मंत्री ने बताया कि पदयात्रा से पहले स्थानीय लोगों में माहौल बनाया जाएगा। स्कूल कॉलेज में कई गतिविधियां आयोजित होगी। निबंध प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन कराया जाएगा। इस दौरान हेल्थ शिविरों के साथ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलेगा। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि आत्मनिर्भर भारत की शपथ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम होने के साथ प्रमाण पत्र का वितरण भी किया जाएगा।

पदयात्रा 152 किलोमीटर की होगी। यह पटेल के जन्म स्थान से स्टैचू आफ यूनिटी तक निकाली जाएगी। इस मौके पर सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जिला प्रभारी कौशलेंद्र पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, राजेश सिंह व राघवेंद्र शुक्ला मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / दीपेन्द्र तिवारी

Most Popular

To Top