HimachalPradesh

कांगड़ा जिला में भारी बारिश से संपत्ति बड़ा नुकसान

धर्मशाला, 01 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांगड़ा जिला में पिछले दिनों से हो रही भारी बरसात ने काफी तबाही मचाई है। भारी बारिश और बाढ़ की घटनाओं से जिला में बड़े स्तर पर जानी और माली नुकसान हुआ है। जिला में इस दौरान अब तक 13 लोगों की जान चली गई है जबकि दो लोग लापता हैं। इसके साथ ही निजी और सार्वजनिक संपत्ति को भी बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। वहीं अगर पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश की बात करें तो जिला में हुई 27 आपदाजनित घटनाओं में अनुमानित नुकसान 16.45 लाख का हुआ है। डेली लॉस रिपोर्ट के अनुसार पिछले 20 जून के बाद अब तक वर्षाजनित घटनाओं में 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जिनमें सड़क दुर्घटनाएं, डूबना, ऊंचाई से गिरना, करंट लगना और फ्लैश फ्लड की घटनाएं शामिल हैं। हालांकि बीते 24 घंटे में कोई नई मृत्यु नहीं हुई है, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं।

वहीं पशुधन की बात करें तो जिला में 3 गाय की मृत्यु हुई है, जिससे करीब एक लाख की हानि हुई। आवासीय क्षति में एक पक्का मकान पूरी तरह, एक पक्का मकान आंशिक रूप से और आठ कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। अब तक कुल 3 मकान पूरी तरह और 23 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे 6.95 लाख का नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त एक दुकान, 12 गौशालाएं, एक रसोई, शेड और एक सार्वजनिक शौचालय भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनसे कुल 5.20 लाख का नुकसान हुआ है।

उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में क्षति के आधार पर प्रभावितों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जिसमें कच्चे व पक्के मकानों, गौशालाओं, दुकानों, शौचालयों और पशुधन हानि के लिए कुल लाखों रुपये वितरित किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से राहत व पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top