Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश के कटनी में नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर की हत्या

मृतक भाजपा नेता नीलेश रजक की तस्वीर

कटनी, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में मंगलवार को नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक के सामने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश बाइक से आए और भाजपा नेता को गोली मारकर फरार हो गए। सीने में गोली लगने से भाजपा नेता सड़क पर गिर पड़े। उन्हें विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, भाजपा पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष कैमोर निवासी नीलेश उर्फ नीलू रजक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कैमोर नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास से कहीं जा रहे थे, तभी बाइक से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी और दोनों वहां से भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस पहुंची और भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए कैमोर में जबलपुर डीआईजी अतुल सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इधर, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कटनी प्रशासन से फोन पर बात कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी घटना को लेकर बात की।

पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर बाइक से आकर भाजपा नेता को गोली मारते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

नीलेश रजक के परिजन ने शव का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया है। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाइश दे रहे हैं।

विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धारवे ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 11 बजे की है। नीलेश रजक नाम के युवक को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारी है। घटना के बाद से कैमोर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। हम टीमें बनाकर काम कर रहे हैं। पूरी कोशिश है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार हों। किसी भी हालत में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

नीलेश रजक पिछले 18 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। 2023-24 में उन्हें पार्टी ने पिछड़ा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके साथ ही, उन्हें बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। नीलेश रजक विजयराघवगढ़ विधानसभा के विधायक और पूर्व राज्य मंत्री संजय सत्येंद्र पाठक के करीबी सहयोगी माने जाते है। वह बजरंग दल से भी जुड़े थे और एसीसी में वेंडर का काम भी करते थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top